इस लेख की तारीखें और नियम हमने बिहार सरकार के आधिकारिक पोर्टल से मिलाए हैं। पोर्टल पर नोटिस कभी भी बदल सकता है, इसलिए फॉर्म भरने से पहले एक बार पोर्टल ज़रूर देख लीजिए।
Bihar Post Matric Scholarship (PMS) मैट्रिक यानी 10वीं के बाद पढ़ाई कर रहे SC, ST, BC और EBC वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म वाली योजना है। बिहार के छात्र-छात्रा लोग ध्यान दें: इस लेख में सत्र 2026-27 के लिए पोर्टल, तारीखें, ज़रूरी कागजात, आधार सीडिंग, फॉर्म भरने के चरण और गलती सुधारने की जानकारी एक जगह दी गई है।
एक नज़र में: PMS 2026-27
| सत्र | 2026-27 |
| BC / EBC वर्ग का पोर्टल | pmsonline.bihar.gov.in |
| SC / ST वर्ग का पोर्टल | scstpmsonline.bihar.gov.in |
| संस्थान (Institute) पोर्टल | instpmsonline.bihar.gov.in |
| आवेदन की अवधि (पोर्टल नोटिस) | 15 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 |
| आधार सीडिंग चेक | अनिवार्य |
| आय प्रमाण पत्र | R.O. (राजस्व अधिकारी) स्तर का, 01-04-2026 या उसके बाद जारी |
| आवेदन में गलती सुधार | अधिकतम 3 मौके, हर बार 15 दिन के भीतर |
अंतिम तारीख की स्थिति (5 अक्टूबर 2026 तक)
BC/EBC पोर्टल और SC/ST पोर्टल, दोनों पर सत्र 2026-27 के लिए आवेदन की अवधि 15.07.2026 से 30.09.2026 लिखी है। 4 और 5 अक्टूबर 2026 को हमने दोनों पोर्टल देखे और मुख्य नोटिस में तारीख बढ़ाए जाने की कोई सूचना हमें नहीं मिली।
कुछ निजी वेबसाइटें 31 अक्टूबर 2026 की तारीख लिख रही हैं, लेकिन उनके पास कोई आधिकारिक नोटिस नहीं है। जब तक पोर्टल या शिक्षा विभाग की तरफ़ से नोटिस न दिखे, ऐसी तारीख पर भरोसा न करें।
अगर आपका फॉर्म अधूरा रह गया है, तो अपने कॉलेज या संस्थान और जिला छात्रवृत्ति समिति से सीधे पूछ लीजिए कि अब आपके लिए कौन सा रास्ता खुला है।
कौन आवेदन कर सकता है
- मैट्रिक (10वीं) के बाद की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी।
- SC, ST, BC या EBC वर्ग के विद्यार्थी। BC/EBC वाले pmsonline.bihar.gov.in पर और SC/ST वाले scstpmsonline.bihar.gov.in पर आवेदन करते हैं।
आय सीमा, पात्र कोर्स और छात्रवृत्ति की राशि विभाग के दिशा-निर्देशों से तय होती हैं और सत्र के हिसाब से बदली हैं। अलग-अलग वेबसाइटें अलग-अलग आय सीमा बता रही हैं, इसलिए हम यहाँ कोई अंदाज़े वाला आँकड़ा नहीं दे रहे। सही सीमा अपने संस्थान, जिला छात्रवृत्ति समिति या विभाग के दिशा-निर्देश से पक्की कर लें।
ज़रूरी दस्तावेज़ (कागजात)
- आधार कार्ड
- आय प्रमाण पत्र: R.O. स्तर का और 01-04-2026 या उसके बाद जारी किया हुआ
- जाति प्रमाण पत्र: पोर्टल के अनुसार पिछले दो शैक्षणिक सत्रों से लेकर वर्तमान सत्र तक मान्य
- 10वीं का प्रमाण पत्र
- बोनाफाइड प्रमाण पत्र
- फीस की रसीद
- पिछली परीक्षा की अंकतालिका (Last Mark Sheet)
- पासपोर्ट साइज़ फ़ोटो
- आधार से जुड़ा (Aadhaar-seeded) बैंक खाता
पोर्टल के अनुसार कागजात 01-04-2026 से 31-03-2027 के बीच की तारीख के होने चाहिए। ई बात ध्यान रखिए: पुराना आय प्रमाण पत्र लगाने पर फॉर्म में कमी निकल सकती है।
आधार सीडिंग क्यों ज़रूरी है
पोर्टल पर साफ़ लिखा है कि Aadhaar Seeding Check अनिवार्य है। छात्रवृत्ति की राशि DBT (सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर) से आती है, इसलिए आपका आधार उसी बैंक खाते से जुड़ा होना चाहिए जिसमें राशि चाहिए।
आवेदन से पहले UIDAI के Bank Seeding Status पेज पर अपना स्टेटस देख लीजिए। खाता सीड न हो तो पहले बैंक जाकर ई काम करवा लीजिए।
आवेदन कैसे करें: चरण दर चरण
- सही पोर्टल चुनें। BC/EBC के लिए pmsonline.bihar.gov.in, SC/ST के लिए scstpmsonline.bihar.gov.in।
- आधार सीडिंग जाँचें। ऊपर बताए UIDAI लिंक से।
- नया रजिस्ट्रेशन (Create Profile) करें। SC/ST वर्ग के लिए 2026-27 का सीधा पेज यहाँ है। BC/EBC वाले पोर्टल के होमपेज से 2026-27 वाला विकल्प चुनें।
- आवेदन फ़ॉर्म भरें। नाम, जन्मतिथि, कोर्स और बैंक की जानकारी अपने दस्तावेज़ों से मिलाकर भरें।
- दस्तावेज़ अपलोड करें। ऊपर की सूची के सभी कागजात एकदम साफ़ स्कैन करके लगाइए।
- आधार स्टेटस का सत्यापन और फ़ाइनल सबमिट (Finalize) करें। फ़ाइनल किए बिना आवेदन आगे नहीं बढ़ता, इसलिए अंत में सबमिट का प्रिंट या PDF सुरक्षित रखें।
आवेदन के बाद क्या होता है
SC/ST पोर्टल पर बताई गई प्रक्रिया के अनुसार आवेदन इस क्रम से आगे बढ़ता है:
रजिस्ट्रेशन, आवेदन फ़ॉर्म, दस्तावेज़ अपलोड, आधार स्टेटस सत्यापन, फ़ाइनलाइज़ेशन, संस्थान स्तर पर सत्यापन, जिला स्तर पर सत्यापन, राज्य स्तर पर स्वीकृति और अंत में छात्रवृत्ति का भुगतान।
किसी चरण पर आपका आवेदन रुका दिखे तो अपने संस्थान से पूछें, क्योंकि संस्थान का सत्यापन इसी क्रम का हिस्सा है।
आवेदन में गलती हो तो क्या करें
पोर्टल के अनुसार किसी कमी (defect) को सुधारने के लिए अधिकतम तीन मौके मिलते हैं, उसके बाद आवेदन रद्द हो सकता है। हर कमी सुधारने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है, इसलिए पोर्टल पर लॉगिन करके अपना स्टेटस बीच-बीच में देखते रहें।
पिछले सत्र (2024-25 और 2025-26) में आवेदन की अवधि 25.08.2025 से 15.11.2025 थी और सुधार या फ़ाइनलाइज़ की आख़िरी तारीख 25.12.2025 रखी गई थी। यह सिर्फ़ पिछले सत्र की जानकारी है, इससे 2026-27 के लिए किसी अतिरिक्त मौके का भरोसा न करें।
आम गलतियाँ जिनसे बचें
- BC/EBC वाले का SC/ST पोर्टल पर या SC/ST वाले का BC/EBC पोर्टल पर आवेदन करना।
- 01-04-2026 से पहले का आय प्रमाण पत्र लगाना।
- बैंक खाता आधार से सीड हुए बिना आवेदन करना।
- आवेदन भरकर फ़ाइनल सबमिट न करना।
- दस्तावेज़ों और फ़ॉर्म में नाम या जन्मतिथि अलग-अलग लिखना।
- सुधार का नोटिस आने पर 15 दिन के भीतर जवाब न देना।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Bihar Post Matric Scholarship 2026-27 की अंतिम तारीख क्या है?
BC/EBC और SC/ST दोनों पोर्टल पर आवेदन की अवधि 15 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 लिखी है, यानी फॉर्म 30 सितंबर तक भराया। 5 अक्टूबर 2026 तक हमें आधिकारिक पोर्टल पर तारीख बढ़ने की सूचना नहीं मिली।
BC/EBC और SC/ST का आवेदन एक ही पोर्टल पर होता है?
नहीं। BC/EBC के लिए pmsonline.bihar.gov.in और SC/ST के लिए scstpmsonline.bihar.gov.in अलग पोर्टल हैं।
आय प्रमाण पत्र कब का होना चाहिए?
पोर्टल के अनुसार आय प्रमाण पत्र R.O. स्तर का होना चाहिए और 01-04-2026 या उसके बाद जारी होना चाहिए।
क्या आधार सीडिंग के बिना आवेदन हो सकता है?
पोर्टल पर आधार सीडिंग चेक को अनिवार्य बताया गया है। बिना सीडिंग के DBT से राशि मिलना मुश्किल है, इसलिए पहले इसे पूरा करें।
आवेदन की गलती कितनी बार सुधार सकते हैं?
पोर्टल के अनुसार अधिकतम तीन बार, और हर बार 15 दिन के भीतर।
आधिकारिक लिंक
- BC/EBC पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप पोर्टल
- SC/ST पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप पोर्टल
- संस्थान पोर्टल
- UIDAI: बैंक सीडिंग स्टेटस चेक
ये भी देखें: Bihar Student Credit Card 2026: ₹4 लाख तक ब्याज-मुक्त शिक्षा लोन, पात्रता, कोर्स लिस्ट और आवेदन
सूचना: allvacancyalert.com कोई सरकारी वेबसाइट नहीं है और इसका सरकार से कोई संबंध नहीं है। हम सिर्फ़ जानकारी देते हैं। आवेदन हमेशा ऊपर दिए बिहार सरकार के पोर्टल पर ही करें और फॉर्म भरवाने के नाम पर किसी तीसरे व्यक्ति या फ़र्ज़ी साइट को पइसा न दें। अधिक जानकारी के लिए हमारा Disclaimer पढ़ें। कोई जानकारी गलत या पुरानी लगे तो हमें बताएँ।



